करौली में नगर निकाय चुनावों को लेकर सवर्ण समाज की आमसभा का आयोजन किया गया। यह सभा पुरानी अनाज मंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में हुई। इसमें समाज की एकजुटता, चुनावी रणनीति और नगर निकाय चुनाव में भूमिका पर चर्चा की गई। आमसभा में अग्रवाल समाज के जिलाध्यक्ष मूलचंद, वेद प्रकाश उपाध्याय, राजपूत सभा के प्रांतीय सदस्य ऊधौ सिंह राजपूत, करौली शहर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विशम्भर दयाल गुप्ता, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष चौरजी सिंह और अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा सहित लगभग 50 से 60 सवर्ण समाज के प्रतिनिधि और सदस्य मौजूद थे। चुनाव में समाज की सामूहिक रणनीति बनाने पर विचार किया बैठक में नगर परिषद चुनाव में समाज की सामूहिक रणनीति बनाने पर विचार किया गया। इसमें समाज के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठन को मजबूत बनाने की रूपरेखा पर मंथन हुआ। इसके साथ ही, समाज में एकता, जागरूकता और सक्रिय नेतृत्व को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। यूजीसी रोलबैक और आरक्षण व्यवस्था में सुधार के मुद्दे भी उठाए सभा में यूजीसी रोलबैक और वर्तमान आरक्षण व्यवस्था में सुधार के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। समता आंदोलन समिति द्वारा इन मांगों के समर्थन में देशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने का उल्लेख किया गया। करौली के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में भागीदारी करने और जिला स्तर पर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की बात कही। आमसभा में समाज की आगामी राजनीतिक दिशा और नगर परिषद चुनाव में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। समाज के सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए अधिक संख्या में सक्रिय होने की अपील की गई।