करौली में पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनाव को लेकर करौली जिले में आरक्षण प्रक्रिया के बाद जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और पंचायत समिति प्रधान पदों की आरक्षण स्थिति साफ हो गई। जिला मुख्यालय पर हुई आरक्षण प्रक्रिया के बाद जिले की 11 पंचायत समितियों के प्रधान पदों के साथ जिला परिषद के 35 और पंचायत समितियों के कुल 195 वार्डों के आरक्षण की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। जिला परिषद के 35 वार्डों में आरक्षण जिला परिषद करौली के 35 वार्डों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित वर्ग के साथ महिला आरक्षण लागू किया गया है। जिला परिषद में अनुसूचित जनजाति के 4 वार्ड, इनमें 4 वार्ड ST महिला, अनुसूचित जाति के 5 वार्ड, इनमें 4 SC महिला, OBC का 1 वार्ड निर्धारित है। वहीं अनारक्षित वर्ग के 17 वार्ड, जिनमें 9 वार्ड अनारक्षित महिला हैं। शेष वार्डों में आरक्षण का वर्गवार निर्धारण सूची के अनुसार किया गया है। 11 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का आरक्षण प्रधान पदों की बात करें तो करौली और मासलपुर प्रधान पद अनारक्षित रखा गया है। हिण्डौन प्रधान पद अनारक्षित महिला, श्रीमहावीरजी ST, शेरपुर-सुरौठ SC, टोडाभीम SC महिला, बालघाट OBC, नादौती अनारक्षित महिला, मंडरायल अनारक्षित महिला, सपोटरा अनारक्षित और कुड़गांव ST महिला के लिए आरक्षित किया गया है। अब चुनावी तस्वीर बदलेगी आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव की संभावित सियासी तैयारियां भी तेज होने की उम्मीद है। अब उम्मीदवार अपने-अपने वार्ड की आरक्षण स्थिति के अनुसार चुनावी समीकरण तैयार करेंगे। खास तौर पर महिला, SC, ST और OBC आरक्षण वाले वार्डों में संभावित उम्मीदवारों की स्थिति बदल गई है। यानी करौली जिले में पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण की प्रक्रिया ने चुनावी तस्वीर का बड़ा हिस्सा साफ कर दिया है। अब नजर चुनाव कार्यक्रम, नामांकन और प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर पर रहेगी। सरपंच और वार्ड पंच के लिए आरक्षण की लॉटरी कल सरपंच और वार्ड पंच के लिए आरक्षण की लॉटरी एक दिन बाद 24 सितंबर को संबंधित एसडीएम कार्यालयों में निकाली जाएगी। करौली जिले में 309 सरपंच और 3043 वार्ड पंच के पद हैं। बता दें कि प्रदेश के 14403 सरपंचों और 130589 वार्ड पंचों की लॉटरी पहले 17 और 18 अगस्त को होनी थी। बाद में इसे 17 और 18 सितंबर के लिए तय किया गया, लेकिन इन तारीखों को भी अचानक स्थगित कर दिया गया था।