करौली पुलिस ने दो दिन का 'एरिया डोमिनेशन' अभियान चलाया। एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर 259 पुलिसकर्मियों की 64 टीमों ने 494 ठिकानों पर दबिश दी। 114 आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ, अवैध हथियार, शराब और खनन सामग्री बरामद की। अभियान में तीन गंभीर मामलों के आरोपी, चार स्थायी वारंटी और 15 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन आरोपियों से 5.40 ग्राम स्मैक और 330 ग्राम गांजा मिला। आर्म्स एक्ट में एक आरोपी से अवैध देशी कट्टा और कारतूस जब्त हुआ। अवैध खनन के मामले में एक आरोपी से करीब छह टन पत्थर बरामद हुआ। आबकारी अधिनियम के तहत आठ आरोपियों से 392 पव्वे देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि अभियान का मकसद अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना था। इससे अपराधियों में डर का माहौल रहा।