अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर करौली और सपोटरा में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष जांच और जागरूकता कार्यक्रम किए। करौली जिला अस्पताल और हिंडौन के शिविरों में बुजुर्गों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मानसिक स्वास्थ्य समेत कई बीमारियों की स्क्रीनिंग हुई। सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि शिविरों में बुजुर्गों को नियमित जांच, दवाओं का सही सेवन और पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया। मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जागरूकता फैलाई गई। बुजुर्गों को परेशानी होने पर बात करने और विशेषज्ञ से सलाह लेने को कहा गया। नियमित शारीरिक गतिविधियों पर भी जोर दिया गया। सपोटरा के सरकारी ब्लॉक आयुष अस्पताल में भी जांच शिविर लगा। यहां मरीजों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए और आयुर्वेदिक दवाएं बांटी गईं। वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. कालूराम मीणा समेत अन्य डॉक्टरों ने योग और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी। लोगों को नियमित योग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।