करौली जिले में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लगातार हुई बारिश के कारण जिले के प्रमुख बांधों और तालाबों में पानी की आवक बढ़ गई है। सपोटरा का कालीसिल बांध पहले ही ओवरफ्लो हो चुका है और उस पर पानी की चादर चल रही है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में नादौती में सर्वाधिक 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक श्रीमहावीरजी में सबसे अधिक 542 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि कालीसिल बांध क्षेत्र में सबसे कम 265 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत बारिश 686 मिलीमीटर है, जिसके मुकाबले अब तक 386 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो औसत का 56.3 प्रतिशत है। इससे पता चलता है कि जिला अभी भी सामान्य बारिश के आंकड़े से काफी पीछे है। बारिश के बाद बांधों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। जिले के सबसे बड़े पांचना बांध का जलस्तर 256.25 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि इसकी अधिकतम भराव क्षमता 258.52 मीटर है। जगर बांध का जलस्तर 7.43 मीटर, कालीसिल बांध का 7.62 मीटर, नींदर बांध का 3.32 मीटर और मामचारी बांध का जलस्तर 4.34 मीटर दर्ज किया गया। बारिश का दौर जारी रहने से अन्य बांधों में भी पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है।