प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर निकाली जा रही 'वडनगर से वाराणसी - जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा' बारां जिले में जारी है। यह यात्रा कस्बाथाना से देवरी पहुंची, जहां जनजातीय नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। स्थानीय लोगों ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद शाहाबाद-केलवाड़ा में पौधारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक ललित मीणा, यात्रा प्रभारी हरीश शर्मा और जिला संयोजक मुकेश केरवालिया यात्रा में साथ रहे। किशनगंज में एक निजी कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने सेवा, जल संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।