बारां की कवाई थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाने के एक मामले में 18 महीने से फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दबिश देकर इन सभी को पकड़ा है। बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त एसपी सौरभ तिवारी और सीओ छबड़ा रामानंद यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में टीमों ने यह कार्रवाई की। दरअसल, 12 मार्च को गौशाला के पास पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए तीन बदमाशों को पकड़ा था। उनके पास से अवैध कट्टा, गंडासी और अन्य सामान भी मिला था। इस मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानमल उर्फ हंसराज गुर्जर (निवासी खरण), सुजान उर्फ सौदान (निवासी मानपुरा), भीमराज भील (निवासी कलमोदिया) और सोनू उर्फ पुखराज सेन (निवासी कवाई) के रूप में हुई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।