बूंदी के केशवरायपाटन में पुलिस और कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान हार्डकोर अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई करीब 3 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि थाना के.पाटन के हार्डकोर अपराधी नूरुद्दीन उर्फ नूर मेहर पुत्र ईशाक मोहम्मद और जिगर उर्फ खलील पुत्र ईशाक मोहम्मद निवासी गोल चबूतरा, केशोरायपाटन ने KDA की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। यह जमीन माता रोड पर सरकारी स्कूल के पास करीब 2 बीघा थी, जिस पर कमरे बनाकर कब्जा किया गया था। गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और सीओ केशोरायपाटन अशोक जोशी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम और KDA की टीम ने मौके पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार अपराधी नूरुद्दीन उर्फ नूर मेहर के खिलाफ 24 और जिगर उर्फ खलील के खिलाफ 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों भाई वर्तमान में केशोरायपाटन में हुई चाकूबाजी की घटना के संबंध में जेल में बंद हैं। कार्रवाई के दौरान KDA तहसीलदार छगनलाल, KDA एएसपी तरुणकांत सोमानी, सीओ अशोक जोशी और थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह चारण सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।