अजमेर जिले की 6 नगर पालिकाओं में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 5 निकायों में कब्जा जमाया, जबकि केकड़ी में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद अपने नाम किया। सबसे रोचक मुकाबला केकड़ी में रहा, जहां भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए अनिल कुमार मित्तल ने भाजपा के विनीत चौरड़िया को महज 2 वोट के अंतर से हरा दिया। मित्तल को 21 वोट मिले। वहीं, पुष्कर नगर परिषद में भाजपा के राजेंद्र बाकोलिया निर्विरोध चुनाव जीते। नसीराबाद में भाजपा के सुखदेव चौधरी अध्यक्ष नसीराबाद नगर पालिका में भाजपा के सुखदेव चौधरी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की रितिका शेखावत को 2 वोट के अंतर से हराया। चुनाव में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन अंतिम गणित भाजपा के पक्ष में गया। सावर में पद्मिनी देवी गुर्जर ने 10 वोट से जीत दर्ज की सावर नगर पालिका में भाजपा की पद्मिनी देवी गुर्जर अध्यक्ष चुनी गईं। उन्हें कुल 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की पिंकी वर्मा को 5 वोट मिले। पद्मिनी देवी ने 10 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। सरवाड़ में मनोज सैनी अध्यक्ष सरवाड़ नगर पालिका में भाजपा के मनोज सैनी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। उन्होंने कांग्रेस के छोटूलाल माली को 5 वोट से हराया। मनोज सैनी को 15, जबकि छोटूलाल माली को 10 वोट मिले। पीसांगन में लोकेश लांबा के पक्ष में 16 वोट पीसांगन नगर पालिका में भाजपा के 35 वर्षीय लोकेश लांबा अध्यक्ष चुने गए। 25 वार्डों वाली पालिका में भाजपा के 9, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 8 पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में लोकेश लांबा को 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मनोहर लाल को 9 वोट मिले। लांबा ने 7 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। टांटोटी में टीकमचंद की बड़ी जीत टांटोटी नगर पालिका में भाजपा के टीकमचंद अध्यक्ष बने। पूर्व सरपंच रह चुके 45 वर्षीय टीकमचंद को 14 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस के जगदीश प्रसाद को 13 वोट के बड़े अंतर से हराया। यह मुकाबला भी भाजपा के पक्ष में एकतरफा रहा। किशनगढ़ नगर परिषद में मिली भाजपा को जीत किशनगढ़ नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है। राजकुमार बड़जात्या नए सभापति चुने गए हैं। बड़जात्या ने कांग्रेस के मोहित खंडेलवाल को हराया। खंडेलवाल वार्ड नंबर 21 से पार्षद चुने गए थे। सभापति पद के लिए हुए मतदान में राजकुमार बड़जात्या को 41 वोट, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मोहित खंडेलवाल को 19 वोट मिले। इस तरह बड़जात्या ने 22 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। परिणाम के अनुसार 2 कांग्रेस पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की। परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल बन गया।