खैरथल में गुरुवार को नगर परिषद ने रेलवे फाटक संख्या-93 से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। सब्जी मंडी, हेमू कालाणी चौक और किशनगढ़ रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई हुई। इस दौरान जेसीबी से सड़क पर बने टीनशेड, चबूतरे और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा अभियान में नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी, आयुक्त मुकेश शर्मा, जेईएन मोतीलाल वर्मा सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान खैरथल थाना पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही। पुलिस की मौजूदगी में नगर परिषद की टीम ने एक के बाद एक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। दुकानों के बाहर अतिक्रमण हटाया शहर के कई बाजारों में दुकानदारों की ओर से सामान सड़क तक फैलाकर रखने, चबूतरे बनाने और दुकानों के बाहर अतिरिक्त जगह घेरने की शिकायतें लंबे समय से आ रही थीं। इससे प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होता था और आए दिन जाम लगता था। पैदल राहगीरों को भी सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता था। पक्के निर्माण हटाने पर व्यापारियों ने जताई आपत्ति नगर परिषद की कार्रवाई शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में हलचल मच गई। कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए। वहीं कुछ जगहों पर पक्के निर्माण हटाने को लेकर व्यापारियों ने आपत्ति जताई। टीम और व्यापारियों के बीच हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को राहत भरा कदम बताया। लोगों का कहना है कि शहर में जाम और अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि एक-दो दिन की कार्रवाई के बाद दोबारा सड़क पर अतिक्रमण हो गया तो समस्या जस की तस हो जाएगी। लोगों ने नगर परिषद से अभियान को लगातार जारी रखने और हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने की मांग की है।