खैरथल-तिजारा की 3 नगर पालिकाओं में बीजेपी का बोर्ड बना है। वहीं, खैरथल नगर परिषद में भी भाजपा का ही सभापति चुना गया है। हालांकि, खैरथल नगर परिषद सभापति का चुनाव पर्ची से किया गया। वहीं, तिजारा नगर परिषद का परिणाम रात 8 बजे तक आएगा। खैरथल नगर परिषद में बीजेपी के विक्रम चौधरी को सभापति चुना गया है। खैरथल में कुल 45 वार्ड है। इनमें सोमवार को सभापति के लिए वोटिंग हुई। जिसमें 22 वोट बीजेपी के उम्मीदवार विक्रम सिंह चौधरी को मिले, जबकि 22 वोट ही कांग्रेस के ओमप्रकाश लेघा को मिले। ऐसे में लॉटरी निकलवाकर सभापति का चुनाव किया गया। लॉटरी में विक्रम सिंह चौधरी सभापति निर्वाचित हुए। वहीं, तिजारा नगर परिषद में सभापति के चुनाव का समय 8 बजे तक बढ़ा दिया गया है। मुंडावर नगर पालिका में बीजेपी के महेंद्र गुर्जर पालिकाध्यक्ष बने है। महेंद्र गुर्जर को 17 वोट मिले है। उन्हों ने कांग्रेस की मनीषा बाई को 9 वोट से हराया है। किशनगढ़बास नगर पालिका में बीजेपी के विश्वास यादव चेयरमैन बने हैं। उन्होंने कांग्रेस की भारती को 9 वोट से हराया है। विश्वास यादव को कुल 17 वोट मिले हैं। वहीं, टपूकड़ा नगर पालिका में बीजेपी के बलवंत सिंह चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के रघुवीर सिंह को 10 वोट से हराया है। बलवंत सिंह को कुल 15 वोट मिले हैं।