खैरथल-तिजारा जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए आज आरक्षण लॉटरी निकाली गई। प्रधान, जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों की लॉटरी निकाली जा चुकी है। जिले में तीन महिला प्रधान बनेगी। जिसमें से दो अनारक्षित वर्ग और एक एससी वर्ग से होंगी। खैरथल-तिजारा जिले में पहली बार जिला परिषद के चुनाव होने जा रहे हैं। यहां जिला परिषद में कुल 25 वार्ड हैं। जिले में कुल 6 पंचायत समिति हैं, जिनमें मुंडावर, ततारपुर, टपूकड़ा, किशनगढ़बास, कोटकासिम, तिजारा शामिल है। मुंडावर, ततारपुर में 17, टपूकड़ा, किशनगढ़बास, कोटकासिम में 19 और तिजारा पंचायत समिति में 21 वार्ड हैं। लॉटरी निकालते समय जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, ओएसडी (IAS) ऐश्वर्या प्रजापति, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, मुंडावर एसीएम मनीष जाटव, किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खेरिया, पूर्व विधायक मामन सिंह यादव, पूर्व जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव, भाजपा नेता पवन यादव सहित अनेक दलों और संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। पंचायतीराज संस्थाओं में रोटेशन से आरक्षण पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण रोटेशन से तय होता है। हर बार नए सिरे से आरक्षण की लॉटरी निकाली जाती है। पिछली बार जो वार्ड जिस वर्ग के लिए आरक्षित था, इस बार वो बदल जाएगा। पिछली बार वाला आरक्षण नहीं रहेगा। पिछली बार जो पंचायत समिति या वार्ड आरक्षित था। हो सकता है कि इस बार वह ओपन कैटेगरी में हो जाए। सरपंचों की लॉटरी कल पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंचों और वार्ड पंचों के आरक्षण के लिए लॉटरी गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में निकाली जाएगी। प्रशासन ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। प्रदेश में पहली बार पंचायती राज चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं। पहले ये लॉटरी 17 और 18 अगस्त को निकाले जानी वाली थी, लेकिन बाद में इसे दो बार स्थगित कर दिया गया। लॉटरी के बाद जल्द ही पंचायती राज चुनाव की घोषणा की जाएगी।