सवाई माधोपुर के खंडार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को अग्रवाल धर्मशाला में सेवा संकल्प अभियान और पंचायती राज चुनाव को लेकर कार्यकर्ता बैठक हुई। बैठक में आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और धरातल पर सक्रिय होकर काम करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष राजेश खटीक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत किसी एक व्यक्ति की मेहनत का परिणाम नहीं है। जिला अध्यक्ष और विधायक से ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने धरातल पर मेहनत की। कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बन पाया है। गोठवाल ने कहा कि अब पंचायती राज और जिला परिषद चुनाव सामने हैं। जिस तरह कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका चुनाव में मेहनत कर भाजपा का बोर्ड बनाने में योगदान दिया। उसी तरह आगामी चुनाव में भी पूरी ताकत के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने का लक्ष्य रखा। विकास के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में विधायक जितेंद्र गोठवाल के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को सभी कार्यकर्ता देख रहे हैं। इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आगामी चुनाव में भाजपा को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के पक्ष में पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने टिकट के दावेदार कार्यकर्ताओं को लेकर कहा- पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को टिकट मिलना संभव नहीं है। जिस कार्यकर्ता को पार्टी प्रत्याशी बनाए, उसके साथ अन्य दावेदार भी पूरी निष्ठा से काम करें। राजेश खटीक ने जताया आभार कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष राजेश खटीक ने नागरिक अभिनंदन के दौरान खंडार की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने चुनाव में सहयोग और समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, विधायक जितेंद्र गोठवाल, निवर्तमान पंचायत समिति प्रधान नरेंद्र चौधरी, गंगाशंकर, भूपेंद्र त्रिवेदी, नगरपालिका अध्यक्ष राजेश खटीक, उपाध्यक्ष द्वारिका अग्रवाल सहित भाजपा के पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। इनपुट - चंद्रप्रकाश शर्मा खंडार