कोटा में खण्डेलवाल वैश्य तीर्थस्थान ट्रस्ट, खण्डेलवाल वैश्य धाम (खण्डेला जिला सीकर) के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष आर.सी. गुप्ता (झालाणी), संस्थापक और आजीवन मैनेजिंग ट्रस्टी पुरुषोत्तम गुप्ता (बूसर), महामंत्री रमेश चंद्र खण्डेलवाल (जोधपुर) के कोटा प्रवास पर श्री खण्डेलवाल वैश्य पंचायत कोटा की ओर से आभार जताया गया। समारोह में पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्र लाभी और महामंत्री रमेश घीया ने अतिथियों का माला, साफा और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम शहर के खण्डेलवाल वैश्य भवन में हुआ। कार्यक्रम में खण्डेलवाल वैश्य धाम के अध्यक्ष आर.सी. गुप्ता ने समाज के सामाजिक कार्यों को गति देने के लिए समाजबंधुओं से एकजुट होकर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के परिवारों से खण्डेलवाल वैश्य धाम खण्डेला पहुंचकर दर्शन करने, तीर्थ लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया। समारोह में पंचायत के पदाधिकारी, ट्रस्टी, कार्यकारिणी सदस्य और समाजबंधु मौजूद रहे। पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्र लाभी ने अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार जताया। समारोह के बाद स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया। इसके लिए पंचायत की कार्यकारिणी की ओर से देवकीनंदन सिंगोदिया और मधुसूदन दुसाद का धन्यवाद किया गया।