झालावाड़ के खानपुर में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों को 4 महीने बाद भी भुगतान नहीं मिला है। इससे नाराज किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। रविवार को धरने का चौथा दिन है। प्रशासन से कोई पक्का भरोसा नहीं मिलने से किसानों में गुस्सा है। करीब 300 किसानों की 7 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम उनके खातों में नहीं आई है। किसान लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, पर सिर्फ आश्वासन मिला है। उनका आरोप है कि 72 घंटे में भुगतान का नियम है, लेकिन चार महीने से पैसे अटके हैं, जिससे उन्हें आर्थिक दिक्कतें हो रही हैं। प्रशासन गेहूं की क्वालिटी और रिकॉर्ड में गड़बड़ी बता रहा है। किसानों का कहना है कि अगर गड़बड़ी है, तो जांच कर असली किसानों को भुगतान किया जाए। जांच के नाम पर चार महीने निकल गए, लेकिन कोई हल नहीं निकला है।