खानपुर| नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष कांता साहू ने बुधवार को गणेश पूजन के साथ विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद हुई बैठक में वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने विचार रखे और वार्डों की समस्याओं के साथ खानपुर के सर्वांगीण विकास को लेकर प्राथमिकताएं बताईं। अध्यक्ष कांता साहू ने कहा कि नगर पालिका परिवार, सभी पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी उनके अपने परिवार की तरह हैं। वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा, “आज से और अभी से मैं केवल अध्यक्ष नहीं, बल्कि नगर सेवक के रूप में जनता की सेवा करूंगी।” उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी पार्षदों के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन का सहयोग जरूरी है। अध्यक्ष साहू ने जल्द ही सभी पार्षदों के साथ प्रत्येक वार्ड में वार्ड सभा आयोजित करने की घोषणा की। इन सभाओं में आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और नगर का व्यवस्थित विकास उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष आमिर खान सहित सभी वार्ड पार्षद, पालिका अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत करते हुए नगर के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।