सीकर के प्रसिद्द खाटूश्याम मंदिर में 19 घंटे पट बंद रहेंगे, भक्तों को बाबा श्याम के दर्शन के लिए 19 घंटे इंतजार करना पड़ेगा। 14 अक्टूबर को बाबा का विशेष तिलक श्रृंगार किया जाएगा, जिसके चलते मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे। श्रीश्याम मंदिर कमेटी की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया- विशेष अनुष्ठानों के साथ बाबा श्याम की सेवा-पूजा और तिलक कार्यक्रम किया जाएगा। इस समय अवधि में भक्तों को बाबा श्याम के दर्शन नहीं होंगे। कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे दर्शन के लिए निर्धारित समय का पालन करें ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। 13 अक्टूबर को रात 10 बजे से 14 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक बाबा श्याम मंदिर में पट बंद रहेंगे। 14 अक्टूबर को शाम 5 बजे के बाद दोबारा बाबा श्याम के दर्शन शुरू हो जाएंगे।