राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में 'खेलो इंडिया संवाद' युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से संवाद करेंगे और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। करौली जिले से अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज प्रियंका मीणा को इस कार्यक्रम के लिए चुना गया है। वह युवाओं के साथ अपने खेल अनुभव साझा करेंगी। जिले में अब तक 41 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। युवाओं को खेलों से जोड़ना है उद्देश्य जिला स्तरीय कार्यक्रम करौली के राजकीय महाविद्यालय में आयोजित होगा। इसकी जानकारी कॉलेज प्रिंसिपल रफीक अहमद, माय भारत केंद्र के उपनिदेशक पंकज यादव और जिला समन्वयक रामलखन ने दी। इस दौरान कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। प्रधानमंत्री के संवाद के बाद एक इंटरैक्टिव युवा संवाद सत्र भी होगा। युवाओं के सुझावों को संकलित कर खेल मंत्रालय को भेजा जाएगा। साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।