अजमेर जिले के किशनगढ़ में एडवोकेट बाबूलाल बागोरिया को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने ट्रैफिक डीएसपी अंजू यादव को एपीओ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने मीटिंग में कहा- अपराध और कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि 9 अक्टूबर को किशनगढ़ में सड़क किनारे खड़ी कार को लेकर अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया और महिला पुलिस अधिकारी अंजू यादव के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने एडवोकेट को थप्पड़ मार दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। उन्होंने किशनगढ़ में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। देर रात महिला पुलिस अधिकारी की ओर से माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ था। यह था पूरा मामला किशनगढ़ में 9 अक्टूबर को सड़क किनारे खड़ी कार को लेकर वकील बाबूलाल बागरिया और महिला पुलिस उपाधीक्षक अंजू यादव के बीच विवाद हुआ था। दोनों के बीच बहस विवाद में बदल गई। इस दौरान महिला पुलिस उपाधीक्षक ने वकील को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद वकीलों की भीड़ एकत्रित हो गई। सभी वकील पुराना रेलवे स्टेशन रोड स्थित यातायात चौकी पर पहुंच गए और महिला अधिकारी के खिलाफ विरोध जताने लगे। घटना के विरोध में वकील मुख्य चौराहे पर पहुंच गए और जाम भी लगा दिया। विरोध को देखते हुए देर रात महिला अधिकारी की ओर से वकील बाबूलाल से माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ था। पोस्ट के बाद फिर बढ़ा था मामला वकील को थप्पड़ मारने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर लगातार सामने आने लगा था। इसी बीच एक वीडियो पर यूजर की ओर से कमेंट किया गया। इस पर महिला अधिकारी अंजू यादव ने जवाब देते हुए लिखा- आदत है उड़ता तीर लेने की, दम रखते हैं उतना...। इसके बाद मामला फिर बढ़ गया था। हालांकि अगले दिन एडवोकेट बाबूलाल और महिला अधिकारी अंजू यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें महिला अधिकारी की ओर से माफी मांगी गई। इसके बाद वकील ने भी बार एसोसिएशन का आभार जताया। माफी के बाद वकीलों की नाराजगी खत्म हो गई थी। अजमेर में वकीलों ने किया था प्रदर्शन महिला अधिकारी की ओर से वकील से माफी मांगने का वीडियो सामने आने के बाद अजमेर बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को भी प्रदर्शन किया गया था। अध्यक्ष योगेंद्र ओझा के नेतृत्व में वकीलों ने प्रदर्शन करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला से मुलाकात कर महिला अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ये खबरें भी पढ़ें... वकील को थप्पड़ मारने पर बवाल, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की:जयपुर रोड जाम किया, बस ड्राइवर के साथ नोकझोंक हुई; कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़े अजमेर जिले के किशनगढ़ में ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के वकील बाबूलाल को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के विरोध में सोमवार को अजमेर जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने पूरी तरह कार्य बहिष्कार कर दिया और सड़कों पर उतर आए। (पूरी खबर पढ़ें) महिला पुलिस अधिकारी ने वकील को मारा थप्पड़:सड़क पर गाड़ी खड़ी करने पर हुआ विवाद, धरने पर बैठे बार एसोसिएशन के वकील अजमेर जिले के किशनगढ़ में सड़क पर गाड़ी खड़ी करने पर ट्रैफिक सीओ अंजू यादव और वकील बाबूलाल बागरिया के बीच विवाद हो गया। इस दौरान ट्रैफिक सीओ ने वकील को थप्पड़ मार दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला अधिकारी वकील को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रही हैं। (पूरी खबर पढ़ें)