किशनगढ़ में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा। एसएचओ नरपतराम बाना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तबेला चौक हाल ब्रह्मपुरी मोहल्ला निवासी हर्ष मेहरा उर्फ निक्की (19) पुत्र नंद गोपाल कहार और किशन कहार (20) पुत्र प्रकाश कहार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। मेले में कहासुनी के बाद घर में घुसकर हमला पुलिस के अनुसार, 1 मई को ब्रह्मपुरी मोहल्ला निवासी प्रसन्न राघव शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 30 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे नरसिंह भगवान के मेले में उसके भांजे प्रियंक शर्मा पुत्र स्व. रामावतार शर्मा की हर्ष, निक्की और किशन से कहासुनी हो गई थी। कुछ देर बाद प्रियंक शर्मा अपने घर पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद हर्ष, निक्की और किशन करीब 15-16 लोगों के साथ प्रियंक के घर में घुस गए और उस पर सरियों, लकड़ियों और कटार से हमला कर दिया। हमले में प्रियंक के सिर में गंभीर चोट लगी और सिर फट गया। इसके अलावा हाथ, पैर, कमर और कंधे पर भी गंभीर चोटें आईं। CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से तलाश मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आरोपी गिरफ्तारी के डर से लंबे समय से फरार चल रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों के ठिकाने का पता लगाया और दबिश देकर हर्ष मेहरा उर्फ निक्की और किशन कहार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से घटना में इस्तेमाल हथियार, हमले के कारण और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।