मंगलवार को अंडर-16 स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता के 4 मैच जयपुर में खेले जाने थे। इनमें से तीन सफलतापूर्वक हो गए, लेकिन एक मैच बारिश से नहीं हो सका। सवाल यह है कि मंगलवार को पूरे जयपुर में बारिश ही नहीं हुई। तीन छोटे-छोटे ग्राउंड पर मैच भी हो गए, लेकिन जिस ग्राउंड पर राजस्थान क्रिकेट संघ रणजी ट्रॉफी तक के मैच करा देता है उस मैदान पर मैच नहीं हो पाया। इसका कारण आयोजकों की लापरवाही है। केएल सैनी स्टेडियम पर श्रीगंगानगर और प्रतापगढ़ के बीच मैच खेला जाना था। सुबह दोनों टीमें ग्राउंड पर पहुंच गईं। लेकिन राजस्थान क्रिकेट संघ और दोनों टीमों को यह जानकारी नहीं दी गई कि विकेट गीला और मैच नहीं हो पाएगा। केएल सैनी स्टेडियम के ग्राउंड इंचार्ज तपेश कौशिक से जब इस बारे में बात की तो उन्होंने कहा, ‘ग्राउंड्समैन विकेट तैयार कर रहे थे। मैच के लिए मार्किंग वगैरह कर रहे थे कि अचानक इतनी तेज बारिश हुई कि ग्राउंड और विकेट कवर करने का समय ही नहीं मिला।’