बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हैं। यहां वे 4 से 6 सितंबर तक हनुमंत कथा कर रहे हैं। शनिवार को कथा के दौरान उन्होंने जौहर को लेकर बयान दिया। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर का नाम लिए बिना कहा कि जौहर कायरता नहीं, वीरता और समर्पण है। शास्त्री ने कहा- “अरे नकटू, चंडालन, यह कायरता नहीं… जौहर तो वीरता है। समर्पण है, अपने पति के प्रति अर्पण है। तुम क्या जानो जौहर को, तुम क्या जानो संस्कृति को, तुम क्या जानो मर्यादा को?” उन्होंने आगे कहा- “कुछ लोग भारत में ऐसे हैं, जो भैया को सैयां बना लेते हैं। वे क्या जानें जौहर के बारे में?” बोले- धर्मविरोधी जौहर को नहीं जान सकते शास्त्री ने कहा- “हमारी बातों से किसी को बुरा लगे तो लगे। हमारी बातों से किसी का दिल ठेस हो तो हो जाए, पर हम जब तक जीएंगे, तब तक सत्य बोलेंगे।” इसके बाद उन्होंने बंगाल के हिंदुओं से नवरात्रि को लेकर अपील की। कहा कि इस बार नवरात्रि में प्रण लें कि पश्चिम बंगाल को ‘लव जिहाद’ मुक्त करना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिमा के साथ-साथ हर मां में मां के दर्शन करें। डिनर में मंत्री ने मांगी पर्ची, बोले- CM हाउस में लगेगा दरबार शनिवार रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सौजन्य भवन में पं. धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे। डिनर के बीच एक मंत्री ने शास्त्री से कहा- “पर्ची निकाल दीजिए बाबा।” इसके जवाब में शास्त्री बोले- “अगला दरबार CM हाउस में लगना चाहिए।” शास्त्री ने यह बात मजाकिया अंदाज में कही, जिसके बाद हॉल में मौजूद लोग हंस पड़े। देखिए, बंगाल के सीएम-मंत्रियों के साथ तस्वीरें… क्या है एक्ट्रेस स्वरा भास्कर से जुड़ा ‘जौहर’ विवाद एक्ट्रेस स्वरा भास्कर से जुड़ा ‘जौहर’ विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'वुमन, लाइफ, फ्रीडम' टॉक के दौरान शुरू हुआ था। इवेंट में स्वरा ने 2018 की फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे रेप सर्वाइवर्स तक गलत संदेश जा सकता है। डायरेक्टर भंसाली को ओपन लेटर लिखा था उन्होंने आगे कहा- क्या हम सर्वाइवर्स को यही बताना चाहते हैं कि वे जीने के लायक नहीं हैं, कि अगर आप सच में इज्जतदार और बहादुर महिला होतीं, तो आपने खुद को मार लिया होता? क्या हम यह कह रहे हैं कि रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत है? एक सीन में गर्भवती महिला का पेट दिखाया गया है, जो जौहर करने जा रही है। यह देखकर मुझे बहुत गुस्सा आया था और मैंने थियेटर में ही 'छी' कह दिया था। 5 दिन विचार करने के बाद मैंने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर लिखा था। फिर इंस्टाग्राम वीडियो शेयर कर दी सफाई स्वरा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन पर ऐतिहासिक बलिदान का अपमान करने का आरोप लगाया था। दावा किया गया कि स्वरा ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को कायर कहा है। इसके बाद एक सितंबर को स्वरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा- सोशल मीडिया पर मेरा एक क्लिप वायरल हो रहा है। मुझसे पूछा गया था कि पद्मावत देखने के बाद मैंने ओपन लेटर क्यों लिखा था? मैं साफ करना चाहती हूं कि मैंने रानी पद्मावती या महल की बाकी महिलाओं को कायर नहीं कहा। अगर गाली देनी है तो सही बात पर दीजिए। मैंने कहा था कि अगर मैं रेप पीड़िता होती, तो क्लाइमेक्स देखकर मुझे लगता कि रेप के बाद जिंदा बचकर मैंने कायरता दिखाई है। क्या महिला की पवित्रता उसकी जान से ज्यादा कीमती है? स्वरा ने कहा- देश में आज रेप एक महामारी जैसा बन चुका है। क्या हमें ऐसी फिल्में बनानी चाहिए, जो संदेश दें कि महिला की पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा कीमती है? उन्होंने निर्भया केस का उदाहरण देते हुए कहा कि निर्भया ने आखिरी सांस तक अपनी जिंदगी के लिए लड़ाई लड़ी थी। किसी भी महिला की जीने की इच्छा को कम नहीं आंकना चाहिए। प्रियंका चतुर्वेदी से सोशल मीडिया पर हुई बहस स्वरा के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। प्रियंका ने लिखा- अगर विकल्प विजेताओं की गुलाम बनने और उनके हरम में रखी जाने वाली सेक्स स्लेव बनने के बीच हो, तो कई महिलाएं पहला विकल्प चुनेंगी। कुछ महिलाएं दूसरा विकल्प चुन सकती हैं। हालांकि, आप अपनी पसंद के अनुसार इनमें से किसी एक को चुन सकते हैं। आपकी इस पसंद से कोई सहमत हो या असहमत, इस पर बहस की जा सकती है, लेकिन यह एक चॉइस थी। इस पर जवाब देते हुए स्वरा ने लिखा- प्रियंका जी, आप असल बात नहीं समझ रही हैं। बात जौहर करने वाली महिलाओं की पसंद की नहीं, बल्कि इस बात की है कि हम किस चीज को महिमामंडित कर रहे हैं। क्या रेप के बाद किसी सर्वाइवर को जीने का हक नहीं है? क्या है फिल्म पद्मावत का जौहर सीन डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने साल 2018 में पद्मावत नाम से फिल्म बनाई थी। इसके क्लाइमेक्स में जौहर का सीन है। अलाउद्दीन खिलजी की सेना राजपूतों को हरा देती है और चित्तौड़ के किले में घुस जाती है। दीपिका पादुकोण बनीं रानी पद्मावती किले की महिलाओं के साथ जौहर करती हैं। ये खबर भी पढ़ें… मौलाना ने श्रीकृष्ण को नमाजी बताया, धीरेंद्र शास्त्री बोले-घरवापसी करो भगवान श्रीकृष्ण को लेकर यूपी के मौलाना जर्जिस अंसारी के बयान पर बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नाराजगी जताई है। पं. धीरेंद्र ने अंसारी को 'घरवापसी' की सलाह दी। कहा- दोबारा ऐसा बयान दिया तो उनके दरवाजे पर भगवद्गीता का पाठ करेंगे। हर धर्म को अपनी आस्था तक सीमित रहना चाहिए। दूसरे धर्म की मान्यताओं पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। पढे़ं पूरी खबर…