कोटा सेंट्रल जेल में बंद 30 साल के कैदी की मौत हो गई। कैदी को तबीयत बिगड़ने पर एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कैदी बूंदी जिले का रहने वाला था। जुलाई 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में कोटा सेंट्रल जेल में बंद था। कोटा सेंट्रल जेल के सुपरीटेंडेंट भैरू सिंह राठौड़ ने बताया कि कैदी सीने की बीमारी से ग्रसित था, जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। 3 सितंबर को भी दिखाने गया था। आज सुबह करीब 4 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और बेचैनी होने लगी। जेल प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से कैदी को एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गया लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन ने कैदी के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।