नगर निगम कोटा चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निगम चुनाव के 11 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया और राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक जुगल किशोर मीणा ने सेक्टर ऑफिसर्स की बैठक ली। अधिकारियों ने निष्पक्षता और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कराने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा- नगर निगम के 100 वार्ड तीन विधानसभा क्षेत्रों में फैले हैं। ऐसे में सभी सेक्टर ऑफिसर्स मतदान प्रक्रिया को गंभीरता से लें। मतदान दलों की रवानगी से पहले सभी चुनाव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। EVM में तकनीकी खराबी आने पर सेक्टर ऑफिसर्स को निर्धारित SOP के अनुसार इंजीनियर की मदद से जांच करने और जरूरत पड़ने पर ही मशीन बदलने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने पर्याप्त रिजर्व EVM उपलब्ध होने की जानकारी दी। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने और मतदान दल के सदस्यों को निर्धारित बूथ से बाहर नहीं जाने के निर्देश दिए। EVM की सुरक्षा मतदान दल की जिम्मेदारी रहेगी। मतगणना से पहले मॉक पोल करने के निर्देश मतगणना शुरू होने से एक घंटे पहले उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मॉक पोल कराने और उसका प्रमाण-पत्र लेने के निर्देश भी दिए गए। रिटर्निंग अधिकारी और एडीएम सीलिंग रवि वर्मा ने बताया- उम्मेद सिंह स्टेडियम में पोलिंग पार्टियों की गुरुवार को अंतिम ट्रेनिंग होगी। इसके बाद जेडीबी कॉलेज से EVM प्राप्त कर मतदान दलों को रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 100 वार्डों के लिए तैयारियां पूरी हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट फील्ड में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।