कोटा निकाय चुनाव में बागियों और निर्दलीयों ने कांग्रेस-बीजेपी के प्रत्याशियों की नींद उड़ा रखी है। कोटा में 13 वार्डों में बीजेपी के बागी चुनावी मैदान में है। ऐसे में पार्टी के वोट बिखरने की आशंका है। वहीं, कांग्रेस के पांच बागी चुनावी मैदान में होने से त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। कोटा में कई वार्ड ऐसे हैं, जहां निर्दलीय भी दोनों ही पार्टीयों की तरह मजबूती से प्रचार में जुटे हैं। वार्ड नंबर 1 में भाजपा के ज्योतु प्रकाश चुनावी मैदान में है। वहीं, कांग्रेस ने शीतल प्रकाश को उतारा है। यहां से रूपचंद मीणा बीजेपी से टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने शीतल को टिकट दिया। इसके बाद रूपचंद ने बागी होकर नामाकंन भर दिया, नाम वापस नहीं लिया। अब वार्ड 1 में त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है। गुर्जर वोट बंट सकते हैं कोटा के रामगंजमंडी विधानसभा इलाके में आने वाले वार्ड 2 में देवबाई गुर्जर कांग्रेस से चुनावी मैदान में हैं। पति पार्षद रह चुके हैं। वहीं, भाजपा ने पारस कंवर को चुनावी मैदान में उतारा है। यहां पर माया गुर्जर भी चुनावी मैदान में हैं। दो गुर्जर प्रत्याशी होने के चलते वोटों के बंटने की स्थिति बनी हुई है। यहां कांग्रेस के वोटों में बिखराव हो सकता है। इस वार्ड में कोटा के बाहरी इलाके शामिल हैं। वार्ड में कुल 4795 वोटर है। पहले कांग्रेस से चुनाव लड़ा अब उसी वार्ड में बीजेपी से प्रत्याशी वार्ड नंबर 50 में बीजेपी ने जितेन्द्र सिंह को मैदान में उतारा है। जितेन्द्र सिंह पहले भी इसी वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। पिछला चुनाव वह कांग्रेस से लडे़ थे। बाद में बीजेपी में शामिल हुए। कांग्रेस में इस बार अनुराग गौतम को चुनाव में उतारा है। वार्ड में दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। लेकिन वार्ड में कई भाग संख्या ऐसी है, जहां से पिछली बार कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय हुई थी। श्रीनाथपुरम बी, सी के कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां बीजेपी की मजबूत स्थिति है। श्याम नगर समेत कई इलाके ऐसे हैं, जहां कांग्रेस के कोर वोटर हैं। भाजपा नेता की पत्नी निर्दलीय लड़ रही,मुकाबला त्रिकोणीय वार्ड नंबर 71 में कांग्रेस ने सविता सुवालका को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा की तरफ से मीनाक्षी सेन सामने हैं। लेकिन यहां पर भाजपा नेता और छात्रसंघ अध्यक्ष रहे अजय चौधरी की पत्नी वंदना भी चुनावी मैदान में निर्दलीय के रूप में है। ऐसे में यहां पर त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है। वार्ड में कुल 5,257 वोटर हैं। वार्ड 3 में चार प्रत्याशी, मुकाबला दिलचस्प कोटा के वार्ड नंबर 3 में बीजेपी से सोसर बाई और कांग्रेस से अनीता भील आमने सामने हैं। लेकिन यहां युवा चेहरे भी निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। यहां निर्दलीय के रूप में नम्रता मीना और मुस्कान मीना चुनावी मैदान में है। दोनों युवा चेहरे हैं और वार्ड में सक्रिय भी हैं। ऐसे में यहां पर बीजेपी कांग्रेस का मुकाबला दोनों निर्दलीयों के साथ भी है।