कोटा में निकाय चुनावों को लेकर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। कोटा में कांग्रेस के लिए वार्ड 46 में सबसे ज्यादा 21 दावेदारों ने चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी जताई है। वहीं, वार्ड नंबर 84 से सिर्फ एक ही कार्यकर्ता ने आवेदन दिया है। पार्टी के अनुसार अब तक 652 आवेदन फॉर्म आ चुके हैं। ऑनलाइन वाले कुछ फॉर्म आने बाकी है। इनकी लिस्ट तैयार की गई है। दो दिन बढ़ा दिया था आवेदन का समय कोटा में 19 अगस्त से कांग्रेस ने आवेदन लेना शुरू किया था। 23 अगस्त तक आवेदन लिए गए थे। दो दिन के लिए इस समय को आगे बढ़ाया गया था। पहले आखिरी तारीख 21 अगस्त थी। जानिए कौनसा एरिया इन दोनों वार्डों का वार्ड नंबर 46 में कुल 8600 वोटर्स हैं। इस वार्ड में पाटनपोल मेन रोड, मथुराधीश मंदिर, भटटजी महाराज का चौक, छोटे मथुराधीश जी, टिपटा सरकारी स्कूल, काजी पाडा, लालबुर्ज, गांधीजी का पुल, टिपटा गेट के एरिया शामिल हैं। यह एरिया शहर के पुराने कोटा क्षेत्र में आता है। वहीं, वार्ड नंबर 84 नए कोटा क्षेत्र में शामिल है। इस इलाके में पूरा शास्त्री नगर, दादाबाडी इलाका शामिल है। बड़ी बात यह है कि ये इलाके बीजेपी का गढ़ माना जाता है। इस वार्ड में कुल 5250 वोटर्स हैं। वार्ड 34 सबसे बड़ा, यहां 23,325 वोटर्स शहर का सबसे बड़ा वार्ड 34 है, जहां सबसे ज्यादा वोटर्स हैं। इस वार्ड में 23,325 वोटर्स हैं। इस वार्ड में देवली अरब, नया नोहरा, राजनगर, महालक्ष्मीपुरम, बख्शी स्कूल, मित्तल स्कूल, श्याम नगर, हाथीखेड़ा, हनुमानखेड़ा, श्रीराम कॉलोनी, जगर विहार, गुरुनानक विहार, अरावली विहार, टैगोर नगर, कृष्णा नगर, मोती नगर, गणेश नगर, ब्रज विहार, कौटिल्य नगर के इलाके शामिल हैं। वहीं, पुराने कोटा में शामिल वार्ड 47 सबसे छोटा वार्ड है। इसमें सिर्फ 3,793 वोटर्स हैं। इस वार्ड में गढ़ पैलेस, पद्मनाभ मंदिर, नीलकंठ मंदिर, अफीम गोदाम, पट्टाबुर्ज अखाड़ा, रेतवाली, कैथूनीपोल थाना व सत्यनारायण मंदिर का इलाके आते हैं। कोटा में 23 वार्ड ऐसे हैं, जहां वोटर्स की संख्या 10 हजार के पार पहुंच चुकी है। वहीं, 15 वार्ड ऐसे हैं जहां वोटर्स की संख्या पांच हजार से कम है।