कोटा में अखिल राजस्थान राज्य ठेका निविदा कर्मचारी महासंघ ने राजस्थान में ठेका कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 18 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग की। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्थान मजदूरी संहिता नियम, 2026 के तहत हर साल 1 अप्रैल और 1 अक्टूबर को मजदूरी में बढ़ोतरी का प्रावधान है। ऐसे में 1 अक्टूबर से प्रदेश के ठेका कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर सम्मानजनक स्तर पर लाया जाए। ताकि कर्मचारी अपने परिवार का भरण-पोषण बेहतर तरीके से कर सकें। महासंघ ने ज्ञापन के जरिए 1 अक्टूबर 2026 से श्रमिकों के न्यूनतम वेतन एवं महंगाई भत्ते (VDA) में संशोधन कर बढ़ोतरी लागू करने की मांग की। दीपावली से पहले 8.33% बोनस की मांग महासंघ के पदाधिकारियों ने जॉइंट लेबर कमिश्नर दीपक यादव को भी ज्ञापन दिया। दीपावली से पहले कोटा के सभी विभागों में नोटिस जारी कर ठेका कर्मचारियों को उनके सालाना वेतन का 8.33 प्रतिशत बोनस दिलाएं जाने की डिमांड की। ज्ञापन देने वालों में एमबीएस हॉस्पिटल अध्यक्ष देवाशीष सेन,भरत व्यास, थर्मल यूनियन अध्यक्ष सचिन शर्मा, जेडीए/कोटा विकास प्राधिकरण से अध्यक्ष टीकम गोचर, प्रेम शंकर मीणा, यूनिवर्सिटी कोटा से उपाध्यक्ष राजेश गौतम, जेके लोन अस्पताल से अध्यक्ष चंद्रमोहन मीणा सहित ठेका /निविदा/ प्लेसमेंट एजेंसी से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।