कोटा में कुछ बदमाशों ने युवक पर अचानक तलवार, गंडासे और लोहे के पाइपों से हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने युवक को घेर लिया और उसके दोनों पैर और एक हाथ को तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना दादाबाड़ी इलाके में शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे की है। घायल की पहचान कंसुआ निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है। आनन-फानन में गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। होटल से खाना पैक करवाकर लौट रहा था घर परिजनों के मुताबिक, पुरानी रंजिश और गवाही नहीं देने को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है। विष्णु शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे काम खत्म करने के बाद एक होटल से खाना पैक करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कंसुआ निवासी कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और हथियारों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने घायल विष्णु को अस्पताल पहुंचाया। पुरानी रंजिश के चलते किया हमला विष्णु के चाचा प्रदीप प्रजापति ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया है। उनका आरोप है कि पुराने मामले में राजीनामा करने और गवाही नहीं देने को लेकर विष्णु को निशाना बनाया गया। वहीं, घायल विष्णु ने रोहित चावल, पुती, राज, आशिक, टोनी, बबलू और कन्नू सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। विष्णु के अनुसार, आरोपियों की संख्या करीब 10 थी और उनके पास तलवार व गंडासे सहित अन्य हथियार थे। दादाबाड़ी थाना अधिकारी बलदेव राम ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और हॉस्पिटल जाकर घायल युवक के बयान लिए। पीड़ित के मुताबिक, सभी बदमाश उद्योग नगर के हैं। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।