कोटा ग्रामीण के चेचट थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर की टक्कर से पिकअप ड्राइवर की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप ड्राइवर को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा आज सुबह करीब 9 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टनल के पास हुआ। सरियों से भरी पिकअप सड़क किनारे पंचर की दुकान पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रेलर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान कोटा के जगपुरा निवासी त्रिलोक बंजारा (29) के रूप में हुई है। वह चेचट की तरफ गाड़ी लेकर जा रहा था मृतक के मामा हीरालाल बंजारा ने बताया कि त्रिलोक पिकअप लेकर चेचट की ओर जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी का टायर पंचर हो गया। वह सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर उसका टायर बदल रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में रखे सरिए सड़क पर फैल गए। हादसे में त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक का शव अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। चेचट थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। चेचट थाना अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि पिकअप ड्राइवर ने गलत जगह गाड़ी खड़ी कर रखी थी। पीछे से आए ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। ड्राइवर को डिटेन कर लिया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।