कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर फर्स्ट में पुलिस चौकी के पास स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर हनुमान जी की मूर्ति पर लगा करीब 225 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट और मंदिर में रखी करीब 50 ग्राम चांदी की तस्वीर चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह मंदिर खुलने पर चला। हनुमानजी का चांदी का मुकुट ले गए मंदिर के पुजारी रामनरेश भार्गव ने बताया कि चोरी रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच होने की आशंका है। चोर मंदिर में घुसे और हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट उतारकर ले गए। इसके अलावा मंदिर में रखी चांदी की तस्वीर भी चोरी कर ली। खास बात यह है कि मंदिर के पास ही प्रेम नगर फर्स्ट पुलिस चौकी बनी हुई है। दो साल में चौथी वारदात पुजारी के अनुसार, पिछले दो साल में मंदिर में चोरी की यह चौथी घटना है। इससे पहले चोर मंदिर की दानपेटी और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी चोरी कर चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर पुलिस थाने में कई बार रिपोर्ट दी गई, लेकिन अब तक चोरों का पता नहीं चल सका है। वारदात के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस चौकी के पास मंदिर होने के बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उद्योग नगर थाने के एएसआई गिर्राज मीणा ने बताया कि सुबह मंदिर में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।