कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से वार कर ऑटो चालक का मर्डर करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, जेके लोन हॉस्पिटल के ऑटो स्टैंड पर मंगलवार शाम 2 ऑटो चालकों में विवाद हो गया था। इसके बाद एक ऑटो चालक ने दूसरे चालक का मर्डर कर दिया था। पुलिस ने अब इस मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान मुजाहिद अंसारी के रूप में हुई है। आरोपी शराफत हुसैन ने मुजाहिद के सीने पर नुकीली धारदार चीज से वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मर्डर की वारदात के बाद आज बुधवार को नयापुरा थाना पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नयापुरा थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुजाहिद हुसैन अंसारी उम्र 44 साल के रूप में हुई है। वार इतना गंभीर था कि उसके हार्ट में चोट पहुंची और वह पंचर हो गया। डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई मुजम्मिल हुसैन ने आरोप लगाया कि आरोपी शराफत ने शराब पी रखी थी और मामूली बात को लेकर विवाद के बाद उसने हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि दोनों ऑटो चालकों के बीच ऑटो अड़ाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने मुजाहिद की छाती में चाकूनुमा धारदार हथियार से वार कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। --- ये खबर भी पढ़ें… कोटा के जेकेलोन अस्पताल के बाहर ऑटो ड्राइवर की हत्या:धारदार हथियार से सीने पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी भागा कोटा के जेकेलोन अस्पताल के बाहर ऑटो ड्राइवर पर नुकीली धारदार वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया गया। सीने में गंभीर चोट लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। (पूरी खबर पढ़ें)