कोटा शहर के कुन्हाड़ी क्षेत्र में रिद्धि-सिद्धि नगर प्रथम में शनिवार देर रात सड़क पर भालू घूमता दिखा। भालू कॉलोनी की सड़क पर टहलता रहा। इसके बाद अंधेरे में गायब हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय अचानक कॉलोनी में कुत्तों के जोर-जोर से भौंकने की आवाज आने लगी थी। लगातार भौंकने पर कुछ लोग घरों से बाहर निकले। लोगों की नजर सड़क पर घूम रहे भालू पर पड़ी। लोगों ने भालू का वीडियो बना लिया। पहले लगो चोर आया स्थानीय निवासी ने बताया- क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं भी हो रही हैं। ऐसे में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर लगा कि शायद कोई चोर आया है। बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर भालू घूमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की आवाजाही को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस बोली- गश्त के दौरान भालू दिखा था कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि गार्ड को गश्त के दौरान दूर से भालू जैसा जानवर दिखा था। कॉलोनी से थाने में कोई सूचना नहीं मिली। सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग को जानकारी दी जाएगी। पांच दिन पहले ही कोटा के नयापुरा स्थित सीवी गार्डन में चिड़ियाघर के पिंजरे से एक लेपर्ड निकलकर गार्डन में पहुंच गया था। वन विभाग की टीम ने करीब कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे पेड़ से रेस्क्यू किया था। कुन्हाड़ी क्षेत्र में थर्मल परिसर के अंदर भी कई बार भालू नजर आने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।