कोटा नगर निगम के 100 वार्डों से चुनाव लड़ रहे 373 प्रत्याशियों का भाग्य सोमवार को तय हो जाएगा। सुबह 8 बजे से जेडीबी कॉलेज में कांउटिंग शुरू हो जाएगी। काउंटिंग को लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, दूसरी तरफ दोनों पार्टियों ने बाड़ेबंदी की तैयारी शुरू कर दी है। इधर, पार्टीयों की नजर भी अब रिजल्ट पर टिकी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक सभी वार्डों के नतीजे घोषित हो जाएंगे। काउंटिंग शुरू होने के दो से तीन घंटे बाद रूझान क्लियर होने लग जाएंगे। स्थिति साफ होने लगेगी। मतगणना के लिए जेडीबी कॉलेज में चार काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। हर हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई है। इस तरह कुल 56 टेबलों पर मतगणना होगी। इसके लिए 56 काउंटिंग टीमें बनाई गई हैं। काउंटिंग टीमों का रेंडमाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। मतगणना की शुरुआत सबसे पहले पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती से होगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना की जाएगी। सोमवार सुबह जेडीबी कॉलेज पहुंचने के बाद काउंटिंग टीमों को बताया जाएगा कि किस कर्मचारी की ड्यूटी किस टेबल पर रहेगी। कोटा में इस बार निगम चुनाव में 67.66% मतदान हुआ। जेडीबी कॉलेज में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए है। एंट्री केवल पास धारकों को मिलेगी। इसके अलावा कॉलेज के अंदर और बाहर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। कोटा में प्रत्याशियों को तैयार रहने के मिले निर्देश बीजेपी और कांग्रेस दोनों की नजर परिणामों पर टिकी है। दोनों पार्टियों ने बाड़ेबंदी की तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्याशियों को अपना बैग तैयार रखने व अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रत्याशियों को कहा है कि वे बिना बताए इधर-उधर न जाएं और अपने नेताओं के लगातार संपर्क में रहें। प्रत्याशियों को मानसिक रूप से तैयार रहने और किसी भी समय बाड़ेबंदी के लिए निकलने का निर्देश दिया गया है। भाजपा ने भी अपने सभी 100 प्रत्याशियों को अलर्ट पर रखा है। भाजपा नेताओं ने कहा है कि कभी भी फोन करके बुलाया जा सकता है, इसलिए वे चलने के लिए अपनी पूरी तैयारी रखें।
भाजपा सभी 100 प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी एक साथ एक ही स्थान पर करने की योजना बना रही है। कांग्रेस में टिकट वितरण की तर्ज पर बाड़ेबंदी भी विधानसभावार अलग-अलग समूहों में की जा सकती है। इन परिणामों पर टिकी है सबकी नजर
कई वार्ड इसलिए हॉट बने हुए हैं क्योंकि वहां से चुनाव लड़ रहे चेहरे सीधे महापौर पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं। बीजेपी के वार्ड 98 में अनुसुइया गोस्वामी, वार्ड 64 में प्रतिभा सुमन, वार्ड 83 में सीमा चौधरी, वार्ड 87 में पुष्पा चौधरी और वार्ड 77 दीपा आर्य जैसे वार्डों से महापौर के दावेदार मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस से वार्ड 57 में पूर्व पार्षद अमोलक देवी, वार्ड 6 में पूर्व चेयरमैन आईना महक, वार्ड 2 में देवबाई गुर्जर, वार्ड 84 में सीमा यादव और वार्ड 71 में सविता सुवालका है। इसके अलावा वार्ड 88 कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष का टिकट काटकर नए चेहरे को दिया गया। वार्ड 91 में बीजेपी के गोपाल राम और कांग्रेस के संजय के बीच मुकाबला है। यहां कांग्रेस के विशाल मेवाडा का टिकट काटा गया था। जबकि गोपाल मंडा के लिए ये नया वार्ड है। ऐसे में इस परिणाम पर भी सबकी नजर है।