कोटा जिले की 5 में से 4 नगरपालिकाओं में सांगोद रामगंजमंडी, इटावा व सुल्तानपुर में आज उपाध्यक्ष चुना जाएगा। भाजपा ने सांगोद में महेंद्र कुमार शर्मा, इटावा में दीपक उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया है। निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से 11 तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 से 12 तक जांच होगी। बता दें सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव 25 सितंबर को होगा। कांग्रेस व बीजेपी के बीच मुकाबला भाजपा ने जिले की 4 नगर पालिका सांगोद रामगंजमंडी, इटावा व सुल्तानपुर में कब्जा किया और चारों में अध्यक्ष बनाया। कांग्रेस चारों में से एक में भी अध्यक्ष नहीं बन पाई। अब पालिका उपाध्यक्ष को लेकर फिर से कांग्रेस व बीजेपी के बीच मुकाबला है। नामांकन से 1 घंटे पहले तक दोनों दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले। सांगोद में 35 वार्ड वाली सांगोद नगर पालिका में भाजपा के 20 वार्ड, कांग्रेस के 11 व 4 निर्दलीय जीत कर पार्षद बने। चार निर्दलीय सत्यनारायण, मंजू बाई,चौथमल और निशा ने भी भाजपा को समर्थन दे रखा है। 40 वार्ड वाली रामगंजमंडी पालिका में 24 सीटें जीतकर भाजपा ने बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 14 सीटें मिली है, जबकि दो निर्दलीय जीतकर पार्षद बने हैं। 35 वार्डों वाली इटावा नगरपालिका में कांग्रेस ने 16 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 14 सीटें मिलीं। 5 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते है। 25 वार्डों वाली सुल्तानपुर नगर पालिका में भाजपा ने 13 सीटें, कांग्रेस ने 11 सीटें और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती हैं।