कोटा पुलिस ने नशे की तस्करी और साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पंजाब के एक तस्कर को 14.35 किलो डोडा चूरा के साथ पकड़ा है। आरोपी तस्कर ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ को पंजाब ले जाने की फिराक में था। वहीं, दूसरे मामले में साइबर ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पीड़ित के मोबाइल पर अपडेट करने का मैसेज आया तो पीड़ित ने मोबाइल को अपडेट किया। मोबाइल कुछ समय हैंग हुआ तो उसके अकाउंट से 35 हजार रुपए निकल गए। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पहली कार्रवाई: पंजाब ले जाने की फिराक में था डोडा चूरा कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने पंजाब निवासी 26 वर्षीय सुखवीर सिंह को 14 किलो 350 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रॉली बैग में मादक पदार्थ छिपाकर नीमच से ट्रेन के जरिए पंजाब ले जाने की फिराक में था। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी में डोडा चूरा बरामद किया। आरोपी के पास से एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। दूसरी कार्रवाई: मोबाइल पर आया अपडेट का मैसेज, निकले 35 हजार रुपए कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि नयापुरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में जोधपुर निवासी 22 वर्षीय उवेश खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 9 जून को नयापुरा निवासी दिनेश प्रजापति के मोबाइल पर अपडेट का मैसेज आया था। अपडेट करने के बाद पीड़ित का मोबाइल हैंग हो गया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 35 हजार 168 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम ने जोधपुर से आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार किया। पुलिस अब ठगी की रकम बरामद करने और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।