कोटा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे लगे बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट हो गया। अचानक तेज धमाके होने लगे और पैनल से आग की लपटों के साथ चिंगारियां व धुआं निकलने लगा। धमाकों की आवाज सुनकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत मच गई। यात्री घटनास्थल से दूर हटने लगे, जबकि कई लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के दौरान करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। प्लेटफॉर्म पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल रेलवे के बिजली कंट्रोल रूम को सूचना दी। प्लेटफॉर्म की बिजली सप्लाई बंद कराया गया। वहीं आग पर काबू पा लिया गया। कर्मचारियों के समय पर बाहर निकलने से बड़ा हादसा टला घटनास्थल के पास बिजली समेत रेलवे के कई विभागों के कार्यालय हैं। शॉर्ट सर्किट के समय कर्मचारी बाहर निकल गए। गनीमत रही कि उस समय विद्युत पैनल के ठीक पास कोई यात्री मौजूद नहीं था। फुट ओवर ब्रिज से प्लेटफॉर्म की ओर आ रहे यात्रियों को भी अन्य यात्रियों ने रोक दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। करीब दो घंटे बंद रही स्टेशन की लाइट घटना के बाद स्टेशन की बिजली व्यवस्था प्रभावित रही और करीब दो घंटे तक लाइट बंद रही। हालांकि कई स्टॉलों पर बिजली की व्यवस्था चालू रही। कर्मचारियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के दौरान विद्युत पैनल में पानी जाने की आशंका है। सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि कल तेज बारिश और हवा के दौरान रात करीब 8:30 बजे कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर दिल्ली छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के नीचे एक विद्युत पैनल से धुआं और हल्की आग दिखाई दी। स्टेशन स्टाफ द्वारा तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर लगभग 10 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। प्रथम दृष्टया कारण शॉर्ट सर्किट हो रहा है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।