कोटा में शराब के नशे में दो मजदूरों के बीच विवाद हो गया। एक मजदूर ने धारदार हथियार से हमला कर दूसरे मजदूर की हत्या कर दी। घटना रानपुर थाना क्षेत्र के जसपुरा गांव की बुधवार रात 8 बजे की है। मृतक की पहचान विष्णु भील (33) मूल रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के जावदा थाना क्षेत्र के दूधी तलाई गांव निवासी के रूप में हुई है। वह पिछले 4-5 महीने से कोटा में जसपुरा गांव के एक खेत में हाली लगा हुआ था। मजदूरी करता था मृतक पिता राम लाल ने बताया कि सालभर पहले भी विष्णु इसी खेत में काम करके गया था। अब फिर से सीजन शुरू होते ही 4-5 महीने पहले पत्नी व एक साल के बेटी के साथ वापस कोटा खेत में काम करने आया था। पति-पत्नी खेत पर बनी टापरी में रह रहे थे। इसी खेत में एक और हाली इंद्रभील भी काफी सालों से अलग टापरी में रहता है। बुधवार की शाम क़ो विष्णु की पत्नी खेत पर काम कर रही थी। तभी दूसरा मजदूर इंद्र टापरी में आया और विष्णु को शराब पीने के लिए साथ ले गया। शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। धारदार हथियार से किया हमला मृतक के पिता ने कहा कि इंद्र ने धारदार हथियार (कुल्हाड़ी जैसा ) से विष्णु के चहरे पर हमला कर दिया। विष्णु के ललाट से गाल तक गहरा घाव हुआ। विष्णु के चिल्लाने पर उसकी पत्नी व आसपास के लोग मदद को दौड़े। आरोपी मौके से फरार हो चुका था। हॉस्पिटल लाते ही ड्यूटी डॉक्टर ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि विष्णु के तीन बेटियां है। दोनों बड़ी बेटियां गांव में रहती हैं। रानपुर थाना ASI रामसिंह ने बताया कि बुधवार रात 9 बजे मिली सूचना पर मौके पर गए। घायल क़ो इलाज के लिए हॉस्पिटल लाए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में शराब के नशे में विवाद की बात सामने आई है। आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीआई रानपुर थाना कर रहे हैं।