कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में शनिवार को एक मजदूर का शव मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की पहचान बाबूलाल कश्यप (48) के रूप में हुई। जो आरकेपुरम इलाके होटल शीश महल रेस्टोरेंट के पास स्थित पार्क के पास रहता था और मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि बाबूलाल को होटल के गार्ड ने सफाई के लिए बुलाया था। सफाई के दौरान वो नाली में गिर कर चोटिल हो गया। होटल के गार्ड ने सफाई के लिए बुलाया मृतक के रिश्तेदार गोलू कश्यप ने बताया कि शुक्रवार शाम को मेरे नाना से होटल के गार्ड ने मामा बाबूलाल के लिए नाली सफाई का काम बताया था। नाना ने मामा बाबूलाल को सुबह काम पर भेजने को कहा था। मामा बाबूलाल सुबह उठकर काम पर आ गया। डेढ़-दो घंटे बाद ही मामा की मौत की सूचना आ गई। शराब के नशे में नाली में गिरने की आशंका आरकेपुरम थाना सीआई दिग्विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि बाबूलाल शराब का आदि था। सम्भवतया शुक्रवार रात को शराब के नशे में नाली में गिर गया, जिसका शनिवार सुबह पता चला। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गुर्जर ने बताया कि मृतक बाबूलाल नाली सफाई और मजदूरी का काम करता था। परिजनों ने किसी भी तरह की कोई शंका नहीं जताई है।