कोटा कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बालिता रोड स्थित कैनाल रोड पर गुरुवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का एमबीएस हॉस्पिटल में इलाज जारी है। कुन्हाड़ी थाने के एएसआई शंकर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सचिन सोनी उर्फ रवि (26) निवासी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास के रूप में हुई है। घायल युवक राहुल सेन है। परिजनों के अनुसार- सचिन गुरुवार रात करीब 10:30 बजे श्री हरि हॉस्पिटल के पास कैनाल रोड पर बाइक से जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोग घायलों को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। घायल राहुल को इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। सूचना पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया। पुलिस ने आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।