कोटा शहर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग जगह हुए तीन सड़क हादसों में बुजुर्ग महिला, 25 वर्षीय युवक और 13 माह की मासूम बालिका घायल हो गई। तीनों को उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल लाया गया है। संबंधित थाना पुलिस हादसों की जांच कर रही है। पहला हादसा श्रीपुरा इलाके में रात करीब 12 बजे हुआ। श्रीपुरा निवासी अमीन शेख (25) मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में अमीन घायल हो गया। उसे परिजन घायल अवस्था में एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। कुन्हाड़ी में ऑटो पलटा, बुजुर्ग महिला घायल दूसरा हादसा कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बालिता रोड पर हुआ। मोहिनी बाई केवट ऑटो से जा रही थी। इसी दौरान अचानक ऑटो पलट गया। हादसे में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो ग। उनकी पोती निशा ने बताया की घटना के बाद उन्हें एमबीएस अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उपचार जारी है। दो बाइक की टक्कर में 13 माह की बच्ची घायल तीसरा हादसा कोटा-जयपुर मार्ग पर पेच की बावड़ी के पास हुआ। केकड़ी निवासी हेमलता अपनी 13 माह की बेटी और देवर के साथ बाइक से आ रही थीं। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। हादसे में बेटी सड़क पर गिर गई और उसके सिर में चोट लगी। उसे पहले बूंदी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया। एमबीएस अस्पताल में उसका उपचार जारी है।