कोटा में राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) में फर्स्ट ईयर के एक स्टूडेंट की मौत का मामला सामने आया है। सीनियर छात्रों का आरोप हैं कि किसी सांप के काटने से छात्र अचेत हुआ था। उसे समय पर हॉस्पिटल नहीं ले जाया गया। गुस्साए स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी का मेन गेट बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्टूडेंट्स धरना दे रहे हैं। स्टूडेंट अक्षित शर्मा (19) जयपुर के झोटवाड़ा का रहने वाला था। अक्षित IT ब्रांच में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। इसी सेशन में कॉलेज में एडमिशन लिया था। प्रदर्शनकारी स्टूडेंट ने चीफ वार्डन को हटाने, मृतक स्टूडेंट के परिजनों को मुआवजा देने सहित अन्य मांग की। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया- स्टूडेंट की मौत के बाद अन्य छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों से समझाइश की है। फिलहाल मौत के कारण सामने नहीं आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारण सामने आएंगे। साथी बोले- खाना खाकर सोया था सीनियर छात्रों ने बताया- अक्षित RTU में भास्कर भवन एच 4 हॉस्टल के रूम 61 में रहता था। अक्षित के साथ दो अन्य स्टूडेंट्स भी रहते थे। कॉलेज कैम्पस में बुधवार को इवेंट था, जिसमें अक्षित भी शामिल हुआ था। रात को खाना खाकर रूम पार्टनर के साथ हॉस्टल में सो गया। अक्षित गुरुवार सुबह नहीं उठा। रूम पार्टनर ने इसकी सूचना अन्य स्टूडेंट्स और चीफ वार्डन डीके यादव को दी। आरोप- सूचना के बाद एक घंटे लेट पहुंचे चीफ वार्डन स्टूडेंटस का आरोप है कि चीफ वार्डन एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। तब तक अक्षत को हॉस्पिटल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मंगवाई गईं। बाद में एंबुलेंस आई। जिसे जांच के लिए RTU मेन गेट पर आधे घंटे रोके रखा। अक्षित का हाथ नीला पड़ा हुआ था। स्टूडेंट का कहना है कि RTU कैंपस में डिस्पेंसरी 2 बजे बंद हो जाती है। वहां कई बार वहां डॉक्टर नहीं मिलते। RTU में हर स्टूडेंट्स से सेमेस्टर डेवलपमेंट के नाम पर 5 हजार की फीस ली जाती है, लेकिन यहां कोई व्यवस्था नहीं है। आए दिन सांप निकलते रहते हैं। स्टूडेंट्स ने कहा- जब तक मांगें नहीं मानी जाएगी, तब तक धरना जारी रहेगा। शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। डॉक्टर ने बताया- शरीर पर चोट के निशान नहीं RTU इलेक्ट्रॉनिक विभाग के प्रो. रंजन माहेश्वरी ने बताया- डिस्पेंसरी में कार्यरत डॉ. के.एल. मीणा ने फोन पर कहा कि स्टूडेंट शायद लेट नाइट सोया होगा। सुबह जब स्टूडेंट नहीं उठा तो उसके रूममेट ने प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन ने डॉक्टर को सूचना दी। इसके बाद डॉक्टर ने मौके पर जाकर देखा तो कम से कम 3 से 4 घंटे पहले स्टूडेंट की मौत हो चुकी थी। स्टूडेंट की बॉडी अकड़ चुकी थी। मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा, लेकिन जैसा डॉक्टर ने बताया, उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। चीफ वार्डन बोले- एंबुलेंस को आने में लेट हुआ तो ऑटो बुलाया चीफ वार्डन डॉ. डीके यादव ने बताया- रात को स्टूडेंट अपने दो दोस्तों के साथ सोया था। कमरे में एक बेड पर दो बच्चे सो रहे थे। अक्षित को सुबह 9:30 बजे उठाया तो वो नहीं उठा। इस पर मुझे 9:56 बजे कर्मचारी ने सूचना दी। इसके 5 मिनट में मैंने दोनों वार्डन को फोन करके एंबुलेंस बुलाने को कहा। एंबुलेंस आने में थोड़ा समय लग रहा था। इस पर मैंने तुरंत ऑटो की व्यवस्था की। करीब 10-15 मिनट में मैं भी मौके पर पहुंच गया था। मेरे साथ में वीसी भी थे। हमारे दोनों डॉक्टर आ गए थे। उन्होंने स्टूडेंट को चेक किया। स्टूडेंट के हाथ अकडे़ हुए थे। डॉक्टर्स ने सुबह 4 से 6 बजे के बीच सोते समय स्टूडेंट की मौत की संभावना जताई है। स्पष्ट कारण तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे। हमने कमरे में चेक किया कहीं सांप नहीं मिला।
यह खबर भी पढ़ें... बदला लेने के लिए बीटेक स्टूडेंट की हत्या:पहले लाठी-डंडों से पीटा, फिर चाकू मारा; 7 महीने पहले भी हुआ था विवाद कोटा में आपसी रंजिश में बीटेक स्टूडेंट की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले स्टूडेंट को लाठी-डंडों से जमकर पीटा, फिर चाकू से वार किया। (पूरी खबर पढ़ें)