कोटा के तलवंडी स्थित वार्ड 94 के सेक्टर-2 में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। एक सूने मकान में आज एक चोर घुस गया, जिसे पकड़कर लोग थाने लेकर गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मकान में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। यह तीसरी बार था, जब संदिग्ध मकान में घुसा। चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की चोर सेक्टर-2 में रहने वाले रजनी कुलश्रेष्ठ के मकान में घुसा था। उनके पड़ोसी अशोक जैन ने बताया कि रजनी कुलश्रेष्ठ अपने बच्चों के पास पुणे गई हुई थी। रात में यहां पर गार्ड आता है और सुबह 6 बजे चला जाता है। उनके मकान में एक संदिग्ध को घुसते हुए देखा था। उससे आने का कारण पूछा तो, बोला खुद को पेड़ काटने वाला बताया। संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान संदिग्ध ने चाकू निकालकर उन पर हमला करने की कोशिश की। चाकू छीनने की कोशिश में जैन के हाथों में चोट लग गई। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और संदिग्ध को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय नागरिक उसे पैदल जवाहर नगर थाने लेकर पहुंचे। लोगों के मुताबिक, रास्ते में संदिग्ध ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन उसे दोबारा पकड़ लिया गया। नियमित गश्त बढ़ाने की मांग मामले को लेकर भाजपा नेता दुर्गेश शर्मा सहित अन्य स्थानीय नागरिक जवाहर नगर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।