राजस्थान में मानसून की विदाई अंतिम चरण में है। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शहर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। हल्की ठंडी हवा चल रही है। बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मंगलवार को शहर में दिन में हल्की धूप खिली रही। शाम को हल्के बादल छाए। लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम में बदलाव से पारा 2 डिग्री बढ़कर अधिकतम तापमान 33.1 व न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बरसात नहीं होने से लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। सीजन में अब तक 26% कम बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 26% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 15 सितंबर तक औसत 708 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 523.6 मिमी बारिश हुई है। बांधों की स्थिति गांधी सागर- मध्य प्रदेश के मंदसौर तहसील में बना गांधी सागर चंबल नदी का बड़ा बांध है। इस बांध की क्षमता 1312 फ़ीट है। 16 सितंबर सुबह 8 बजे तक गांधी सागर 1301.63 फीट भरा है। राणा प्रताप सागर- चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 1157 फ़ीट है। 16 सितंबर सुबह 8 बजे तक राणा प्रताप सागर 1143.48 फीट भरा है। जवाहर सागर बांध- बूंदी जिले के तालेड़ा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 980 फ़ीट है। 16 सितंबर सुबह 8 बजे तक जवाहर सागर 972.5 फीट भरा है। कोटा बैराज- कोटा बैराज की क्षमता 854 फ़ीट है। 16 सितंबर सुबह 8 बजे तक कोटा बैराज 852.60 फीट भरा है।