मानसून की विदाई के साथ ही कोटा शहर में दिन का तापमान लगातार बढ़ने लगा है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण दिन में तेज धूप चुभने लगी है। अक्टूबर में जहां आमतौर पर हल्की सर्दी की दस्तक शुरू हो जाती है, वहीं इस बार दिन में गर्मी का असर बरकरार है। शहर में दिन और रात के तापमान में करीब 13 डिग्री का अंतर दर्ज किया जा रहा है। 35.9 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान कोटा जिले से मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 35.9 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री पहुंच गया। इस तरह दिन और रात के तापमान में करीब 13 डिग्री का अंतर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण मई-जून जैसी गर्मी महसूस हो रही है। दिन में एसी-कूलर का सहारा ले रहे लोग दिन के समय कड़क धूप और गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों को एक बार फिर पंखों के साथ-साथ एसी और कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। जबकि इस सीजन में आमतौर पर एसी और कूलर बंद होकर केवल पंखे चलने लगते हैं। तेज धूप का असर सड़कों पर भी नजर आ रहा है। दोपहिया वाहन चालक धूप से बचने के लिए चेहरे और शरीर को ढककर निकल रहे हैं। अगले एक सप्ताह भी शुष्क रहेगा मौसम मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक कोटा में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान साफ रहने और दिन में धूप का असर बने रहने से तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।