कोटा में बारिश नहीं होने से गर्मी व उमस बढ़ गई है। आज भी सुबह आसमान में धूप खिली हुई है। मौसम में बदलाव से रात का पारा 4 डिग्री तक बढ़ गया है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। शहर में मंगलवार को दिनभर धूप खिली। अधिकतम तापमान 1 डिग्री गिर कर 33.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। लोग बारिश का इंतजार करते रहे। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 27% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 8 सितंबर तक औसत 685.7 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 500.4 मिमी बारिश हुई है। बांधों की स्थिति गांधी सागर- मध्य प्रदेश के मंदसौर तहसील में बना गांधी सागर चंबल नदी का बड़ा बांध है। इस बांध की क्षमता 1312 फ़ीट है। 9 सितंबर सुबह 8 बजे तक गांधी सागर 1300.77 फ़ीट भरा है। राणा प्रताप सागर- चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 1157 फ़ीट है। 9 सितंबर सुबह 8 बजे तक राणा प्रताप सागर 1143.37 फ़ीट भरा है। जवाहर सागर बांध- बूंदी जिले के तालेड़ा तहसील में बना है। इस बांध की क्षमता 980 फ़ीट है। 9 सितंबर सुबह 8 बजे तक जवाहर सागर 974 फ़ीट भरा है। कोटा बैराज- कोटा बैराज की क्षमता 854 फ़ीट है। 9 सितंबर सुबह 8 बजे तक कोटा बैराज 852.60 फ़ीट भरा है।