कोटा ग्रामीण क्षेत्र में दो युवतियों ने जहर खा लिया। इससे पहले दोनों ने आपस में शादी और साथ रहने की इच्छा जताई थी। इस पर परिवार राजी नहीं था। दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस ने युवतियों और परिवार को वापस भेज दिया। इसके बाद युवतियों ने जहर खा लिया। दोनों को बेहोशी की हालत में एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया। मामला बोरखेड़ा थाने का है। युवतियां रिश्ते में बहन, शादी करना चाहती बोरखेड़ा थानाधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग है। दोनों करीब 5 महीने पहले घर छोड़कर सवाईमाधोपुर चली गई थी और किराए का कमरा लेकर रह रही थी। वहीं पर कोई काम भी कर रही थी। अब युवतियां खुद बोरखेड़ा थाने आई। इसके बाद उनके परिवार को भी थाने में बुलाया गया। युवतियों का बयान लिया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने शादी करने की इच्छा भी जताई, लेकिन परिजनों को उनका साथ रहना मंजूर नहीं था। इसी वजह से घर छोड़कर भी चली गई थी, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज करवाई थी। महिला थाने के बाहर खाया जहर थानाधिकारी ने बताया कि युवतियों के बालिग होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया गया। परिवार और दोनों युवतियों थाने से चले गए थे। इसके बाद युवतियां महिला थाने के बाहर पहुंची और जहर खा लिया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। उनका इलाज चल रहा है।