कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत दो चरणों में वोटिंग होगी। मतदान वाले दिन राज्य सरकार के आदेश पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर अपर्णा गुप्ता के आदेश के मुताबिक, पहले चरण में 9 सितंबर 2026, बुधवार को नगर परिषद कोटपूतली, नगर पालिका विराटनगर, नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा, नगर पालिका बानसूर और नगर पालिका नारायणपुर के सदस्य या पार्षद पद के लिए वोट डाले जाएंगे। इन इलाकों में 9 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसी तरह, दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को नगर परिषद बहरोड़, नगर पालिका नीमराना, नगर पालिका बड़ौद और नगर पालिका मांढण के सदस्य या पार्षद पद के लिए वोटिंग होगी। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 11 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश का फायदा उठाकर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट जरूर डालें। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा है।