कोटपूतली-बहरोड़ में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी के बाद अब 27 वार्डों में कुल 113 प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे मुकाबला रोचक हो गया है। ज्यादातर वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। हालांकि, कुछ वार्डों में अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड संख्या चार और सात में हैं, जहां 7-7 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, वार्ड संख्या 6, 17, 18 और 27 में सबसे कम 2-2 प्रत्याशी बचे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।