कोटपूतली में जिला नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी सतवीर सिंह भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी जानकारी विभागों और पुलिस के बीच तुरंत साझा करने को कहा। उन्होंने पंजीकृत और अवैध नशा मुक्ति केंद्रों की जांच कर गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों के पास दुकानों और संदिग्ध जगहों पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर खास नजर रखी जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर होटलों और ढाबों पर भी निगरानी के निर्देश दिए गए। शराब के ठेकों के समय से पहले या बाद में खुलने पर कार्रवाई होगी। मेडिकल दुकानों के औचक निरीक्षण और अवैध नशीली दवाओं की बिक्री पर भी सख्त एक्शन लिया जाएगा। अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया।