कोटपूतली के सरुंड थाना क्षेत्र के कांसली गांव में आज सुबह एक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारते हुए सीधे दुकानों में जा घुसी। हादसे में बस में सवार करीब दर्जनभर यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बस के चालक और परिचालक को मौके पर ही पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रोडवेज बस का चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसका गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया। घटना की खबर मिलते ही सरुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है।